जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर लगातार 21 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक(Sonam Vangchuk) को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) द्वारा सफदरजंग अस्पताल ले जाने के बाद प्रदर्शन ने नया मोड़ ले लिया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके(Abhijeet Dipake) ने जंतर-मंतर पर स्वयं भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस सोनम वांगचुक को उनकी इच्छा के विरुद्ध जबरन धरना स्थल से अस्पताल लेकर गई। हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में और वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए की गई।

अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे अभिजीत दीपके

सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब वह स्वयं आंदोलन का नेतृत्व करते हुए अनशन पर बैठेंगे। अनशन की घोषणा करते हुए अभिजीत दीपके ने देशभर के लोगों से अपने-अपने शहरों में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह अहिंसक रहेगा और सभी समर्थक कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए अपनी आवाज बुलंद करें। दीपके ने कहा कि उनका उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना है और सभी प्रदर्शनकारियों से संयम बनाए रखने का आग्रह किया।

तिरंगा लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारी

सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाने के बाद प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। पुलिस की कार्रवाई के बाद वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने मंच के सामने सुरक्षा के लिए लगाई गई ग्रिल को तोड़ दिया और बड़ी संख्या में लोग मंच के करीब पहुंच गए। इसके बाद जंतर-मंतर पर लोगों की भीड़ लगातार बढ़ने लगी। मौके पर पहुंचे कई प्रदर्शनकारी अपने हाथों में तिरंगा झंडा लिए नजर आए और उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी नाराजगी जताई। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

आइसा समेत कई छात्र संगठन भूख हड़ताल पर डटे

जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाए जाने के बावजूद प्रदर्शन समाप्त नहीं हुआ है। मौके पर अलग-अलग छात्र संगठनों और प्रदर्शनकारी समूहों ने अपना आंदोलन जारी रखा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना है कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती। इस बीच, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ता भी भूख हड़ताल पर डटे हुए हैं। संगठन के सदस्यों का कहना है कि सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद भी उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठाते रहेंगे।

अभिजीत दीपके ने देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर अपना अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने की घोषणा करते हुए देशभर के लोगों से आंदोलन में शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने की अपील की है। अभिजीत दीपके ने कहा कि सभी समर्थक अपने-अपने शहरों और गांवों में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करें। उन्होंने लोगों से कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए अपनी आवाज उठाने का आग्रह किया। दीपके ने यह भी घोषणा की कि 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च आयोजित किया जाएगा। उन्होंने समर्थकों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने और पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार के सामने रखने की अपील की।

जंतर-मंतर की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद

सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। एहतियात के तौर पर जंतर-मंतर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों को बंद कर दिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके मंच से नीचे आ गए थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने मंच के चारों ओर पर्दा लगा दिया, जिससे पीछे हो रही गतिविधियां प्रदर्शनकारियों की नजर से ओझल रहीं। इसके बाद पुलिस की एक टीम मंच पर पहुंची और सोनम वांगचुक को वहां से हटाकर पीछे की ओर ले गई, जहां से उन्हें सीधे सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया। जैसे ही प्रदर्शनकारियों को इस कार्रवाई की जानकारी मिली, मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। कई प्रदर्शनकारी मंच की ओर बढ़ने लगे और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m