विनोद सैनी,हिसार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को घर-घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की बीजेपी की अपील को लेकर कांग्रेस ने निशाना साधा है। एआईसीसी हरियाणा के लीगल डिपार्टमेंट के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि बीजेपी को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जनता से आशीर्वाद मांगने से पहले अपनी जवाबदेही का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और कोरोना महामारी के दौरान हुई परेशानियों को लेकर सरकार से सवाल पूछे।

लीगल डिपार्टमेंट की बैठक में खोवाल ने कहा कि जनता केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रमों और भावनात्मक नारों से प्रभावित नहीं होगी। उनके मुताबिक, लोगों को यह जानना है कि रोजगार के अवसर कितने बढ़े, महंगाई पर कितना नियंत्रण हुआ और स्वास्थ्य सुविधाओं में कितना सुधार हुआ।

कोरोना के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

खोवाल ने कोरोना महामारी के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय करोड़ों लोगों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर परेशानियां सामने आईं। बड़ी संख्या में परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया।

उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान अपनों को खोने वाले परिवारों का दर्द किसी प्रतीकात्मक कार्यक्रम या उत्सव से खत्म नहीं हो सकता। उनके अनुसार, सरकार को उत्सव की राजनीति से पहले जनता के उन सवालों का जवाब देना चाहिए, जो आज भी पूछे जा रहे हैं।

महंगाई और बेरोजगारी पर भी निशाना

खोवाल ने महंगाई को लेकर भी बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आम आदमी की आय और घरेलू बजट पर दबाव बना हुआ है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की कीमतों का असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का सपना तभी वास्तविकता बनेगा, जब युवाओं को रोजगार मिलेगा, परिवारों को महंगाई से राहत मिलेगी और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाएं मिलेंगी।

खोवाल ने आरोप लगाया कि बीजेपी वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भावनात्मक अभियानों का सहारा लेती रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवा और महंगाई से परेशान परिवार केवल नारों से संतुष्ट नहीं होंगे।

बोले- सरकार से सवाल पूछना जनता का अधिकार

खोवाल ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना जनता का अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील से ज्यादा जरूरी है कि सरकार जनता के सवालों का जवाब दे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। साथ ही सरकार से इन मुद्दों पर जवाब मांगती रहेगी।

बैठक में एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल, एडवोकेट चंद्रहर्ष, प्रदेश महासचिव एडवोकेट श्वेता शर्मा, प्रदेश महासचिव एडवोकेट पवन तुंदवाल, जिला महासचिव एडवोकेट कुसुम प्रजापति, एडवोकेट साक्षी चौधरी, एडवोकेट मनीषा, एडवोकेट ऋतु वर्मा, एडवोकेट अलका रानी, एडवोकेट मुकेश शर्मा, एडवोकेट हिमांशु आर्य खोवाल, एडवोकेट विवेक पांडे और एडवोकेट बजरंग इंदल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m