इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता 2029 में भाजपा को उखाड़ फेंकेगी।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील, लुटेरों की सरपरस्त और विकास की दुश्मन साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की परेशानियां कम करने के बजाय लगातार बढ़ा रही है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जहां सरकार को जनहित की नीतियां बनाकर लोगों को राहत देनी चाहिए, वहीं पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस के दाम बढ़ाकर महंगाई का बोझ जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को आम लोगों की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं है और सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में बेरोजगारी चरम पर है, कानून व्यवस्था चरमराई हुई है और किसान शोषण का शिकार हो रहे हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति खराब है, कई इलाकों में पेयजल संकट बना हुआ है तथा बिजली कटौती से जनता परेशान है। वहीं दूसरी ओर सरकार भर्ती घोटालों, पेपर लीक, प्रोक्योरमेंट स्कैम और अवैध खनन जैसे मामलों में घिरी हुई है।
INLD नेता ने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा को बर्बादी के रास्ते पर ले जा रही है और यह सरकार किसानों की दुश्मन, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली, महिलाओं की सुरक्षा में विफल तथा भ्रष्टाचारियों की संरक्षणदाता बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश की जनता भाजपा से मुक्ति चाहती है और वर्ष 2029 में उसे सत्ता से बाहर कर देगी।

