कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। नूंह में इनेलो की सम्मान दिवस रैली के बाद हरियाणा की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। इनेलो नेता अभय चौटाला ने रैली के मंच से भाजपा को सत्ता से हटाने और प्रदेश में इनेलो की सरकार बनाने का दावा किया था। उन्होंने कांग्रेस को भी निशाने पर लेते हुए उसे भाजपा की ‘बी टीम’ बताया।

अभय चौटाला के इन दावों पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने पलटवार किया है। हुड्डा ने अभय चौटाला पर तंज कसते हुए कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के ‘शिकंजे’ में हैं। उनका आरोप है कि खट्टर जहां कहते हैं, अभय चौटाला वहां रैली करने पहुंच जाते हैं।

दीपेंद्र हुड्डा ने इसी बहाने अभय चौटाला को उनके राजनीतिक गढ़ ऐलनाबाद की ओर भी ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में बड़े-बड़े दावे करने से पहले अभय को अपने विधानसभा क्षेत्र पर फोकस करना चाहिए।

दरअसल, इनेलो ने चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती के अवसर पर नूंह के घासेड़ा में सम्मान दिवस रैली आयोजित की थी। इस दौरान अभय चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि इनेलो भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी और कांग्रेस को भी सत्ता से दूर रखा जाएगा।

रैली के बाद कांग्रेस की ओर से आया दीपेंद्र हुड्डा का बयान इसी सियासी टकराव की अगली कड़ी माना जा रहा है। एक तरफ इनेलो प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का दावा कर रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस नेता अभय चौटाला के राजनीतिक प्रभाव और उनके दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

दोनों दलों के बीच यह जुबानी जंग ऐसे समय में सामने आई है, जब हरियाणा में विपक्षी दल भाजपा सरकार को घेरने के साथ-साथ एक-दूसरे पर भी लगातार निशाना साध रहे हैं। ऐसे में नूंह की रैली में अभय चौटाला के दावों के जवाब में दीपेंद्र हुड्डा का ‘खट्टर के शिकंजे’ और ऐलनाबाद वाला तंज प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m