कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ विधानसभा में हुए घटनाक्रम को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ने के बजाय अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं और सुर्खियों में आने के लिए विधानसभा में ‘ड्रामा’ किया।
अभय चौटाला ने कहा कि विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के साथ पुलिस की धक्का-मुक्की का मामला सामने आया था। उन्होंने कहा कि हुड्डा खुद हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें विधानसभा की कार्यवाही व नियमों की जानकारी है। ऐसे में उन्हें पता होना चाहिए कि विधानसभा परिसर में काले कपड़े पहनकर या तख्ती लेकर जाने की अनुमति नहीं है।
इनेलो नेता ने कहा कि विधानसभा में इस तरह का विरोध करने के बजाय हुड्डा को प्रदेश के वास्तविक मुद्दों पर सरकार को घेरना चाहिए था। उन्होंने बढ़ते भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महंगाई और सफाई कर्मचारियों की मांगों को प्रमुख मुद्दे बताते हुए कहा कि विपक्ष को इन सवालों पर सरकार से जवाब मांगना चाहिए।
अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि हुड्डा जिस तरह विधानसभा में पहुंचे, उससे जनता से जुड़े मुद्दे पीछे छूट गए और पूरा ध्यान उनके साथ हुए घटनाक्रम पर चला गया। उन्होंने कहा कि अगर हुड्डा वास्तव में जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें सरकार को इन मुद्दों पर घेरना चाहिए था।
विधानसभा में हुए इस घटनाक्रम को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पहले से ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। अब अभय चौटाला के बयान ने इस विवाद में इनेलो का रुख भी साफ कर दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


