सोनू वर्मा, नूंह। हरियाणा पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुन्हाना शहर थाना पुलिस ने चोरी के कई मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर तेलंगाना पुलिस के हवाले किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ. अर्पित जैन के निर्देश तथा उप पुलिस अधीक्षक पुन्हाना के नेतृत्व में की गई। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुन्हाना शहर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने थाना सदर पुन्हाना और सीआईए स्टाफ पुन्हाना के साथ मिलकर गांव पैमाखेड़ा में संयुक्त छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान आरोपी नफीस पुत्र जडमल निवासी पैमाखेड़ा को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी हरियाणा और Telangana के कई मामलों में वांछित चल रहा था। आरोपी के खिलाफ Sonipat जिले के थाना कुंडली सहित तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में भी मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी पर अन्य आपराधिक मुकदमे भी दर्ज बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, तेलंगाना पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर नूंह पुलिस से सहयोग मांगा था। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को सुरक्षित रूप से तेलंगाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।