विनोद सैनी, हिसार। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने जीजेयू (गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय), हिसार में विश्वविद्यालय परिसर और विभिन्न छात्रावासों में देर रात तक सदस्यता अभियान चलाया। हरियाणा राज्य में 22 से 29 सितंबर 2026 तक चल रहे विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय सदस्यता अभियान-2026 के तहत यह संपर्क किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उन्हें संगठन की कार्यपद्धति, छात्रहित के मुद्दों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
जागरूक विद्यार्थी ही रखते हैं सकारात्मक परिवर्तन की नींव: कमलदीप अत्री
अभियान के दौरान अभाविप जीजेयू अध्यक्ष कमलदीप अत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा से लेकर समाज और राष्ट्र तक हर सकारात्मक परिवर्तन की नींव जागरूक विद्यार्थियों द्वारा रखी जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थी परिषद का यह अभियान केवल संगठन से जुड़ने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को नेतृत्व, राष्ट्र सेवा और व्यक्तित्व निर्माण की यात्रा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
शैक्षणिक और सामाजिक विकास के लिए अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य
अभाविप जीजेयू मंत्री निकुंज शर्मा ने बताया कि परिसर के विद्यार्थियों में इस सदस्यता अभियान को लेकर जबरदस्त सकारात्मक उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभाविप लगातार विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक और रचनात्मक विकास से जुड़े विषयों पर कार्य करती है। इसी उद्देश्य के साथ अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
छात्रावासों में देर रात तक चला संपर्क अभियान, ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
सदस्यता अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने छात्रावासों में पहुंचकर विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों, नेतृत्व विकास और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। इस अभियान के दौरान अभाविप कार्यकर्ता हरदीप अत्री, मोहित, सन्नी कौशिक, नितिन सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने देर रात तक छात्रावासों में संपर्क अभियान जारी रखा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


