दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। ​नर्मदापुरम जिले में कॉलेजों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ के तहत कलेक्ट्रेट गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलेभर से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट के सामने पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़कर जमकर नारेबाजी की। इससे पहले, कार्यकर्ताओं ने तेज बारिश के बीच सड़क पर बैठकर 30 मिनट तक हनुमान चालीसा का पाठ किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। करीब एक घंटे तक जिलाधिकारी के इंतजार के बाद, छात्रों ने अपर कलेक्टर नितिन टाले को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

जिला संयोजक हरदीप नागपाल ने बताया कि प्रदेशव्यापी अभियान के तहत यह ज्ञापन दिया गया है। कॉलेजों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, छात्राओं की सुरक्षा, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था, लाइब्रेरी, लैब, खेल सुविधाएं, इंटरनेट, दिव्यांगों के लिए रैंप और प्राथमिक उपचार केंद्र जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों का बुनियादी अधिकार हैं। ABVP की मांग है कि सभी महाविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित किया जाए ताकि छात्रों का सर्वांगीण विकास हो सके।

ये भी पढ़ें: ग्राम पंचायत सचिव का मोबाइल बंद मिलने पर भड़कीं विधायक: बोलीं- हमारा फोन 24 घंटे जनता के लिए चालू रहता है, दिए ये निर्देश

प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र मालवीय, विभाग संयोजक मृदुल नाथ चौहान, जिला संयोजक हरदीप नागपाल, कुणाल सराठे, यशवंत दुबे, नगर मंत्री दिव्यांश शर्मा, इशिका मालवीय, यशवंत वर्मा और विवेक पटेल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m