सोनीपत (सन्नी मलिक)। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए Anti Corruption Bureau Haryana (ACB) की सोनीपत टीम ने बिजली निगम के एक कनिष्ठ अभियंता (JE) को डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सूरज के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर एक ठेकेदार के माध्यम से रिश्वत की रकम ले रहा था।
जानकारी के अनुसार, सोनीपत के गांव भटगांव निवासी रवि नामक युवक ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसके पोल्ट्री फार्म में बिजली कनेक्शन लगाने के बदले JE द्वारा 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि ACB टीम ने ट्रैप लगाकर आरोपी कनिष्ठ अभियंता को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। इस दौरान रिश्वत की रकम एक ठेकेदार के माध्यम से ली जा रही थी। कार्रवाई के बाद टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ACB सोनीपत के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी पूरे प्रकरण की जांच में जुटे हुए हैं। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

