दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र के जसोला गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पतंग लूटने के दौरान 15 वर्षीय किशोर नाले में गिरकर लापता हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। किशोर की पहचान मिथुन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पतंग लूटने के दौरान नाले के पास पहुंचा और अचानक उसमें गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और किशोर की तलाश शुरू की गई। मिथुन के पिता पेशे से ऑटो चालक हैं। उनका परिवार जसोला गांव में किराये के मकान में रहता है। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

कटी पतंग के पीछे भागते समय नाले में गिरा किशोर

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार दोपहर मिथुन कटी हुई पतंग पकड़ने के लिए उसके पीछे भाग रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में गिर गया। नाले में भारी मात्रा में गाद और कचरा जमा होने के कारण राहत-बचाव अभियान में भी मुश्किलें आ रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, MCD और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से टीमों ने देर रात तक किशोर की तलाश की, लेकिन गाद और अंधेरा होने के कारण उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। रात में रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। इसके बाद रविवार सुबह किशोर की तलाश फिर शुरू की गई। बचाव दल नाले के अलग-अलग हिस्सों में उसकी तलाश कर रहा है।

सर्च और रेस्क्यू में आ रही परेशानी

बताया जा रहा है कि जसोला सीवेज प्लांट से निकलने वाला शोधित पानी इसी नाले के जरिए आगरा कैनाल में जाता है। नाले का एक हिस्सा क्रिब्स अस्पताल के पास भूमिगत है, जिससे किशोर की तलाश में रेस्क्यू टीमों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाले के दोनों तरफ घनी आबादी और मकान होने के कारण मौके तक बुलडोजर जैसी भारी मशीनें पहुंचाना संभव नहीं है। ऐसे में बचाव दल को सीमित संसाधनों के साथ नाले के अंदर तलाशी अभियान चलाना पड़ रहा है।

यमुना में डूबने से युवक की मौत

बाहरी दिल्ली के अलीपुर के हिरणकी गांव स्थित यमुना नदी में दोस्तों के साथ नहाने गए 40 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रमण मुखिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 3:14 बजे यमुना में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना मिली थी। युवक के डूबने पर मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर स्थानीय मछुआरे चंद्र शेखर नाव लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद रमण को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m