Patna Road Accident: राजधानी पटना में आज मंगलवार की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर शिवनार के पास की है। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कार सवार दंपत्ति समेत 3 लोगों की मौत हुई है। सभी मृतक खगड़िया जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
कार में फंसा चालक का शव
मिली जानकारी के अनुसार तीनों मृतक किसी काम के सिलसिले में पटना आए हुए थे। काम खत्म करने के बाद वह अपने निजी वाहन क्रेटा कार से अपने घर खगड़िया लौट रहे थे। इसी दौरान मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर शिवनार के नजदीक उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। डिवाइडर से टकराने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयानक था कि चालक का शव कार में ही फंस गया, जिसे काफी मशक्क्त के बाद बाहर निकाला गया।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर मोकामा थाने की पुलिस पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सभी मृतक के शवों को अपने कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मोकामा ट्रामा सेंटर भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी भी दे दी है, जिसके बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसे की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस हादसे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- CM की सुरक्षा में बड़ी चूक! VIP ड्यूटी से गायब मिली महिला सिपाही निलंबित, गृह रक्षक पर भी गिरी गाज



