Patna Police: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतना दो महिला पुलिसकर्मियों को भारी पड़ा है। दरअसल VIP ड्यूटी के दौरान अपने तय स्थान से गायब मिलने पर महिला सिपाही निशा कुमारी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं गृह रक्षक रुचि कुमारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पटना डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है।
निर्धारित स्थान से गायब मिली दोनों पुलिसकर्मी
दरअसल मुख्यमंत्री का चैंबर ऑफ कॉमर्स में कार्यक्रम था, जिसे देखते हुए पुलिस की ओर से रूट पर सुरक्षा के लिए जवानों और गृह रक्षकों की तैनाती की गई थी। महिला सिपाही निशा कुमारी और गृह रक्षक रुचि कुमारी की ड्यूटी बाटा मोड़ के पास लगाई गई थी।
ड्यूटी के दौरान अधिकारियों ने जब मौके का निरीक्षण किया तो दोनों अपने निर्धारित स्थान पर नहीं मिलीं। बताया गया कि दोनों ने ड्यूटी स्थल से हटने से पहले किसी अधिकारी को इसकी जानकारी भी नहीं दी थी। मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ी ड्यूटी में इस तरह की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने कार्रवाई की है।
महिला सिपाही निशा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं गृह रक्षक रुचि कुमारी के मामले में आगे की कार्रवाई के लिए पटना डीएम को प्रतिवेदन भेजा गया है। डीएम स्तर पर मामले की समीक्षा के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई तय होगी।
मोबाइल चलाने वालों पर भी कार्रवाई
पटना में ड्यूटी के दौरान लापरवाही के दूसरे मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई की है। बाकरगंज ट्रैफिक पोस्ट के निरीक्षण के दौरान एएसआई रविंद्र कुमार मंडल, महिला सिपाही गीता कुमारी और गृह रक्षक सूरज कुमार ड्यूटी के समय मोबाइल फोन चलाते मिले। ड्यूटी के दौरान मोबाइल इस्तेमाल करने पर तीनों का वेतन रोक दिया गया है। साथ ही उन्हें सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने उनसे यह बताने को कहा है कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल किस वजह से किया गया।
कारगिल चौक ट्रैफिक पोस्ट पर भी कार्रवाई
कारगिल चौक ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात कर्मियों के खिलाफ भी ड्यूटी में लापरवाही को लेकर कार्रवाई की गई है। यहां तैनात कर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि पटना पुलिस और प्रशासन ड्यूटी में लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपना रहा है। खासकर मुख्यमंत्री जैसे वीआईपी के कार्यक्रम में तैनात पुलिसकर्मियों और गृह रक्षकों को अपने निर्धारित स्थान पर मुस्तैद रहना जरूरी है।
ये भी पढ़ें- ‘ED, CBI से जांच करवा दीजिए’, मंत्री लेसी सिंह को पप्पू यादव का करारा जवाब, साथ में रखी ये शर्त



