Bihar Politics: जदयू नेत्री और बिहार सरकार में मंत्री लेसी सिंह ने कल सोमवार (7, सितंबर) को मीडिया से बातचीत के दौरान बाढ़ पीड़ितों को पैसे बांटने के संबंध में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि पप्पू यादव के पास कहां से इतना पैसा आया? इसकी भी जांच होनी चाहिए। लेसी सिंह के इस बयान पर अब पप्पू यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।

पप्पू यादव बोले- ED, CBI से जांच करवा दीजिए

पप्पू यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि, माननीय मंत्री लेसी सिंह जी….हम गरीबों के लिए समर्पित हैं, मेरा सर्वस्व उनके लिए ही है। सांसद ने कहा कि, मेरे पास बांटने के लिए पैसा कहां से आता है, यह जिज्ञासा आपकी है तो ED, CBI, IT से जांच करा दीजिए, बड़ी कृपा होगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, मेरे साथ-साथ 1990 से जो भी बिहार के मुख्य सियासी चेहरे हैं, उनकी संपत्ति की जांच करा दीजिए।

लेसी सिंह ने पूछा- कहां से आ रहा पैसा?

दरअसल कल सोमवार को जदयू कार्यालय में जन सुनवाई के बाद जब मंत्री लेसी सिंह मीडिया से बातचीत कर रही थीं। इस दौरान उनसे बाढ़ प्रभावित इलाकों में पप्पू यादव के पैसे बांटने को लेकर सवाल पूछा गया, तो इसपर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, पप्पू यादव पैसा बांटते हैं? या नहीं? आप लोगों ने देखा होगा 9 सेकंड 10 सेकंड का वीडियो आता है और उसी से आप लोग कहते हैं की बहुत पैसा बांट रहे हैं। लेसी सिंह ने कहा कि, पप्पू यादव कहते हैं कि हमारे पास हजारों एकड़ जमीन है, तो कहने के लिए कोई भी कह सकता है। वह पैसा कहां से ला रहे हैं? क्यों ला रहे हैं? इसकी भी जानकारी तो लोगों को देना चाहिए। सिर्फ कह देते हैं कि मैंने लाखों रुपया बांट दिया। मेरे पास 1000 एकड़ जमीन है।

जनता को देना चाहिए हिसाब- लेसी सिंह

मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि, जमीन कितना है? क्या है? सब रिकॉर्ड तो सरकार के पास रहता ही है। उनके नजर में सारे नेता चोर हैं। सिर्फ वही सच्चे आदमी है। अब उनके मुंह से जो निकलता है, सुनते रहिए। वह जो कहते हैं, उसको देखते रहिए। लेकिन इतना जरूर हम कहेंगे कि अगर वह (पप्पू यादव) प्रतिदिन लाखों रुपया बांट रहे हैं, तो वह पैसा कहां से आता है? इसका भी जनता को हिसाब देना चाहिए।

ये भी पढ़ें- हैदराबाद में मालिक को 20 लाख का चूना लगाकर नालंदा में छिपा था नौकर, आरोपी और ज्वेलर्स गिरफ्तार