वीरेंद्र कुमार, नालंदा। हैदराबाद के एक कारोबारी के घर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में हैदराबाद पुलिस ने नालंदा पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी घरेलू नौकर और चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में बिहारशरीफ के एक स्वर्ण व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर हैदराबाद ले जाया गया है।
घरेलू नौकर के रूप में काम करता था आरोपी
हैदराबाद के लंगरहाउस थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान पटना जिला निवासी सुबोध कुमार के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि सुबोध हैदराबाद के कारोबारी राघवेंद्र के घर पर घरेलू नौकर के रूप में काम करता था। कई महीनों तक काम करते हुए उसने परिवार का विश्वास जीत लिया। इसी दौरान एक दिन परिवार के बाजार जाने के बाद उसने कथित तौर पर घर की अलमारी से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और फरार हो गया।
नालंदा पहुंची थी हैदराबाद पुलिस
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद हैदराबाद पुलिस तकनीकी अनुसंधान और मिले सुरागों के आधार पर नालंदा पहुंची। जांच में पता चला कि आरोपी पिछले करीब आठ महीने से बिहार थाना क्षेत्र के बाबा मणिराम अखाड़ा के पास पहचान छिपाकर रह रहा था और वहां काम कर रहा था। बिहार थाना पुलिस के सहयोग से हैदराबाद पुलिस ने छापेमारी कर सुबोध कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी का जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स भी गिरफ्तार
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, सुबोध ने चोरी के जेवर बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर स्थित आराध्या गोल्ड ज्वैलर्स के संचालक राजेश कुमार को बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर राजेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दुकानदार ने भी चोरी के जेवर खरीदने की बात स्वीकार की है।
दोनों आरोपियों को हैदराबाद ले गई पुलिस
हालांकि, प्रारंभिक कार्रवाई में चोरी किए गए जेवरात बरामद नहीं हो सके हैं। लहेरी थाना पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर हैदराबाद ले जाया गया है। अब हैदराबाद पुलिस पूछताछ और आगे की जांच के आधार पर चोरी के जेवरात की बरामदगी का प्रयास करेगी।
ये भी पढ़ें- मधुबनी में फर्जी पासपोर्ट और अवैध विदेशी वीजा गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार



