सुमन चौहान, करनाल। हरियाणा के करनाल में नेशनल हाईवे 44 पर सुबह के समय एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां हरियाणा रोडवेज की एक बस और मक्के से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

ड्राइवर को आई नींद की झपकी

रोडवेज बस के चालक के मुताबिक यह बस सुबह करीब 3 बजे डिपो से रवाना हुई थी। उसका कहना है कि लगातार गाड़ी चलाने के कारण संभवतः उसे नींद की झपकी आ गई थी। इसी वजह से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रही मक्के से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। बस चालक का यह भी कहना है कि इस दुर्घटना में जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जानी चाहिए।

ट्रैक्टर चालक ने लगाया लूट और मारपीट का आरोप

दूसरी तरफ ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने बस ड्राइवर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि हादसे के बाद बस के ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, उसने उसकी जेब में रखी नकदी भी जबरदस्ती निकाल ली। इस आरोप के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है और पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

सभी सुरक्षित, बड़ा हादसा टला

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बताया कि इस हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। जिस समय यह टक्कर हुई, बस में कोई भी सवारी मौजूद नहीं थी। बस को थोड़ा नुकसान पहुंचा है और ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग भी पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस दोनों पक्षों की बातें सुनकर मामले की कार्रवाई में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m