कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर पुलिस ने 35 साल पुराने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जगदीश उर्फ फुक्कू दिल्ली की जहांगीरपुरी बस्ती में पहचान छिपाकर टेलर का काम कर रहा था। उसे पकड़ने के लिए ग्वालियर पुलिस की टीम ने पांच दिन तक डिलेवरी बॉय और कबाड़ी बनकर इलाके में रेकी की और सटीक लोकेशन मिलते ही आरोपी को दबोच लिया।

READ MORE: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के स्टोर रूम में मिला 2 दिन पुराना शव, अस्पताल की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

दरअसल मामला साल 1991 का है। ग्वालियर थाना क्षेत्र के बिरलानगर निवासी नंदू की हत्या के मामले में जगदीश उर्फ फुक्कू मुख्य आरोपियों में शामिल था। उसने अपने भाई टीकाराम और बहनोई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार हुए थे। टीकाराम और बहनोई को सजा हो गई, जबकि जगदीश भी जेल में था। करीब दो साल पहले जगदीश जमानत पर जेल से बाहर आया और सुप्रीम कोर्ट में सजा माफ करने की याचिका दायर की। लेकिन अदालत ने उसकी सजा बरकरार रखी। इसके बाद वह फरार हो गया और दिल्ली जाकर पहचान छिपाकर रहने लगा। पिछले दो साल से उसकी तलाश कर रही ग्वालियर पुलिस को सूचना मिली कि वह दिल्ली की जहांगीरपुरी बस्ती में टेलर का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम दिल्ली पहुंची। 

READ MORE: बालाघाट डबल मनी कांड: 500 करोड़ घोटाले का मास्टरमाइंड सोमेंद्र कंकराने 7 साथियों समेत गिरफ्तार, धार्मिक नगरियों में छिपकर काट रहा था फरारी

आरोपी को भनक न लगे, इसके लिए पुलिसकर्मी डिलेवरी बॉय और कबाड़ी बनकर पांच दिन तक इलाके में घूमते रहे। इस दौरान घर-घर जाकर रेकी की गई और मोबाइल सर्विलांस की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। देर रात जब आरोपी की सटीक लोकेशन मिली तो पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को ग्वालियर लाया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान उसे किसने मदद पहुंचाई और वह किन-किन ठिकानों पर छिपकर रहा। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m