सोनू वर्मा, नूंह। नूंह जिले के बिछोर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला 22 जून का है। आरोप है कि सुबह के समय पीड़िता शौच के लिए खेतों की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही 21 वर्षीय युवक ने कथित रूप से उसका मुंह दबाकर उसे जबरन गांव से बाहर जंगल में बने अपने मकान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने घर आकर परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर बिछोर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच कर रहे एसआई शोहराब ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए और उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है। इसके अलावा बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष उसकी काउंसलिंग कराई गई तथा मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान भी दर्ज करा दिए गए हैं।
जांच अधिकारी के अनुसार, आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस रिमांड की मांग भी की जा सकती है, ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा सके और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष और गंभीरता से की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के मामलों में पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

