विनोद सैनी, हिसार / आदमपुर। हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय दैविक गोयल की गोली लगने से हुई दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हिसार पुलिस ने मामले में संलिप्त विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) के पिता गौतम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिता पर अपने लाइसेंसी/अवैध असलहे को सुरक्षित न रखकर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल पिस्तौल और कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। मामले में शामिल नाबालिग आरोपी को पहले ही बाल सुधार गृह, फरीदाबाद भेजा जा चुका है।
स्कूल टूर की पैकिंग के दौरान हुआ था हादसा
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, मंडी आदमपुर निवासी शिकायतकर्ता रवि गोयल ने बताया कि उनका 12 साल का बेटा दैविक गोयल 13 अक्टूबर 2026 की शाम को अपने दोस्त अजय (बदला हुआ नाम) पुत्र गौतम सिंह के घर गया था। दैविक वहां अपने दोस्त के साथ स्कूल टूर पर जाने की पैकिंग करने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्त के घर में रखे असलहे से अचानक गोली चल गई और दैविक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हथियार बरामद कर आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से पिस्तौल और कारतूस बरामद कर लिए। हिसार पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि घर में असलहा लापरवाही से रखने और बच्चे की पहुंच में छोड़ने के कारण यह हादसा हुआ, जिसके लिए गौतम सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

