सोहराब आलम/ मोतिहारी। (आदापुर): बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र स्थित श्यामपुर चौक अचानक उस समय रणक्षेत्र बन गया, जब सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष छिड़ गया। यह विवाद महज लाठी-डंडों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक पर मिठाई बनाने वाली खौलती हुई चाशनी फेंक दी। इस वीभत्स हमले में युवक बुरी तरह झुलस गया है और अस्पताल में जीवन-मौत की जंग लड़ रहा है।
मिट्टी भराई को लेकर शुरू हुआ था विवाद
घटना की जड़ में श्यामपुर चौक के पास स्थित एक सरकारी भूखंड है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी चइत साह और धर्मदेव भगत के बीच इस जमीन पर मिट्टी भराई और कब्जे को लेकर लंबे समय से तनातनी चल रही थी। सोमवार को इसी बात पर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना गहरा गया कि दोनों तरफ से लोग लाठी-डंडे लेकर निकल आए।
मिठाई की दुकान बनी ‘युद्ध का मैदान’
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब विवाद चरम पर था, तब एक पक्ष के पास ही मिठाई बनाने का काम चल रहा था। कड़ाही में चीनी का पाग (चाशनी) उबल रहा था। हिंसक झड़प के दौरान आक्रोश में आकर एक पक्ष ने खौलता हुआ पाग उठाकर दूसरे पक्ष के तारकेश्वर कुमार नामक युवक पर डाल दिया। चाशनी शरीर पर गिरते ही युवक दर्द से तड़पने लगा और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस अप्रत्याशित हमले ने भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
अस्पताल में भर्ती और पुलिस की कार्रवाई
गंभीर रूप से झुलसे तारकेश्वर को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को शांत कराया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दोनों पक्ष मर्यादा भूलकर एक-दूसरे पर लाठियां बरसा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक क

