राकेश कथूरिया, कैथल। आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करने के उद्देश्य से सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर लगाया गया। एडीसी सुशील कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

निर्धारित समय में शिकायतों का समाधान करने के निर्देश

एडीसी सुशील कुमार ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत देना है। इसलिए शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और निर्धारित समय सीमा में नियमानुसार उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

अतिक्रमण और अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें आईं

समाधान शिविर में अतिक्रमण, अवैध कब्जे, पुलिस प्रशासन, पेंशन, राजस्व और भूमि से संबंधित कई शिकायतें पहुंचीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क किनारे रेत-बजरी के ढेर लगाने की शिकायत

शमशेर सिंह ने विश्वकर्मा चौक से चीका बाईपास नाका तक सड़क किनारे बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानों द्वारा रेत और बजरी के ढेर लगाए जाने की शिकायत दी। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे सामग्री रखे जाने से ट्रकों के आवागमन में परेशानी होती है।एडीसी ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m