सोनू वर्मा ,नूंह। नूंह जिले में चल रही बृज 84 कोस परिक्रमा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सोमवार को उपायुक्त अखिल पिलानी ने गांव नीमका और बिछौर से गुजर रहे परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सफाई व्यवस्था, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की मौके पर जाकर समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिक्रमा समाप्त होने तक सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारू रूप से चलती रहें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जगह-जगह लगाए गए पानी के टैंकर
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने परिक्रमा मार्ग पर करीब 15 स्थानों पर पानी के टैंकर लगाए हैं। उपायुक्त ने टैंकरों की जांच करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी खत्म होते ही उन्हें तुरंत दोबारा भरवाया जाए।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि प्रशासन द्वारा थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पेयजल, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे यात्रा सुगम बनी हुई है।

प्रमुख पड़ाव स्थलों पर चिकित्सा शिविर की व्यवस्था
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं। स्कूलों, मंदिरों और प्रमुख पड़ाव स्थलों पर चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं, जबकि मोबाइल हेल्थ टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। गांव बिछौर और नीमका में श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क दवाइयों की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा परिक्रमा मार्ग के आसपास 24 घंटे दो एंबुलेंस तैनात की गई हैं। विश्राम स्थलों पर साफ-सफाई, शौचालय और पेयजल की व्यवस्थाएं भी लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं।
उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि गर्मी के मौसम में नियमित रूप से पानी पीते रहें और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मिलकर श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधाओं में पूरी निष्ठा से सहयोग कर रहे हैं।

