अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। बिहार के रोहतास में अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने तेवर सख्त कर लिए हैं। इसी कड़ी में रोहतास के डेहरी में आज गुरुवार (14 मई) को अतिक्रमण के विरुद्ध मेगा ड्राइव अभियान चलाया गया। इस दौरान जैसे ही प्रशासनिक टीम सड़क पर उतरी दुकानदारों में हड़कंप मच गया। ठेले , खोमचे वाले अपने ठेले लेकर भागते देखे गए।
अतिक्रमणकारियों-अधिकारियों में नोंकझोंक
अभियान के दौरान प्रशासन ने सख्त तेवर दिखाते हुए दुकानों के बाहर लगे तथा सड़क पर बेतरतीबतरी से लगे सामान तथा ठेला वालों के ठेले को जप्त कर लिया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक भी देखने को मिली।
अतिक्रमणकारियों पर लगा जुर्माना
टीम का नेतृत्व कर रहे मजिस्ट्रेट संतोष कुमार ने बताया कि, अतिक्रमण के विरुद्ध मेगा ड्राइव चलाया जा रहा है। खासकर थाने चौक से लेकर अंबेडकर चौक तक पहले माइकिंग के माध्यम से सूचना दे दी गई थी। बावजूद कुछ दुकानदारों ने दुकान के बाहर सामानों को रखा तथा शेड व बोर्ड तक नहीं हटाए, जिसे अभियान के दौरान जप्त कर लिया गया है और उन पर जुर्माना भी लगाया गया है।
बर्दाश्त नहीं होगा अतिक्रमण
उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि, शहर में अब किसी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुछ दिनों पहले ठेले वालों को शहर के तिकोनिया में टेंपरेरी वेंडिंग जोन बनाकर ठेला लगाने को लेकर निर्देश जारी किए गए थे। लेकिन ठेला लगाने वालों ने प्रशासन के निर्देश को नहीं माना और बाजार में ही बेतरतीब तरीके से ठेला लगाने लगे, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न होने लगी। अब ऐसे में उन पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
ये भी पढ़ें- PM मोदी की अपील का असर: ट्रेन से गयाजी के लिए रवाना हुए मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, CM ने भी घटाया काफिला

