कुंदन कुमार, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर अब बिहार में नेताओं और मंत्रियों पर दिखने लगा है। दरअसल आज गुरुवार (14 मई) को बिहार सरकार में मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी को गयाजी दौरे पर जाना था। हालांकि अपने इस दौरे पर गाड़ियों के काफिलों की बजाय मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी पटना जंक्शन से ट्रेन के जरिए गयाजी के लिए रवाना हुए।
पटना जंक्शन पर पत्रकारों से बात करते हुए प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि, पीएम मोदी ने जो अपील की है, उसका असर आम जन पर भी दिखने लगा है। मुझे विभागीय बैठक करना रहता है और अन्य विभागीय कार्य रहते हैं। आज गयाजी जाना है, तो ट्रेन से ही जा रहा हूं और अन्य शहर में भी जब जाना होगा तो ट्रेन से ही सफर करूंगा।
सीएम सम्राट के काफिले में 3 गाड़ियां
पीएम मोदी की अपील को ध्यान में रखते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने भी अपने दौरे व कार्यों को लेकर काफिले में भारी कटौती की है। आज जब वे दरभंगा के लिए रवाना हुए तो पटना एयरपोर्ट पर वह सिर्फ 3 गाड़ियों के साथ ही पहुंचे थे। हालांकि इससे पहले हुए कैबिनेट बैठक में वह 19 गाड़ियों के काफिले के साथ
पहुंचे थे, जिसे लेकर मीडिया में खूब खबर भी चली थी। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भी कम से कम गाड़ियों से निकलने का फैसला किया है।
एक गाड़ी से कार्यालय पहुंचे अशोक चौधरी
हाल ही में मंत्री अशोक चौधरी को पटना में अपने कार्यालय जाते समय मात्र एक गाड़ी का उपयोग करते देखा गया। उनके काफिले से अतिरिक्त सुरक्षा वाहनों और वीआईपी गाड़ियों का तामझाम गायब था। जब उनसे इस बदलाव के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम प्रधानमंत्री मोदी की उस अपील के सम्मान में है, जिसमें उन्होंने देश के संसाधनों को बचाने और फिजूलखर्ची रोकने का आग्रह किया था। चौधरी ने कहा, “पीएम मोदी जी ने जो अपील की है, वह बेहद सराहनीय है। हम उनके विजन को ध्यान में रखकर ही कार्य कर रहे हैं।”
ये भी पढ़ें- पप्पू यादव ने विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से का किया निरीक्षण, बोले- लगातार आवाज उठाने पर भी…

