अनिल शर्मा ,बराड़ा। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में एसडीएम बराड़ा सतीन्द्र सिवाच ने मंगलवार को क्षेत्र के गांव तंगेल, गोला गोली, तंदवाल और गोकलगढ़ का दौरा कर बाढ़ सुरक्षा एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव गोकलगढ़ में निर्माणाधीन बांध का निरीक्षण कर मानसून से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जल निकासी व्यवस्था पर विशेष फोकस
दौरे के दौरान एसडीएम ने पुलों, पुलियों और बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नालों और जल निकासी मार्गों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के निर्देश
एसडीएम सतीन्द्र सिवाच ने बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता मानसून के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखना है।इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

