गणेश चतुर्थी से छठ और काली पूजा तक सुरक्षा का खाका तैयार, बिजली कनेक्शन से लेकर फायर सेफ्टी और ट्रैफिक व्यवस्था की होगी निगरानी
रांची। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में गणेश चतुर्थी, करम पर्व, दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और काली पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था से लेकर यातायात, स्वच्छता, बिजली, अग्निशमन और विसर्जन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा पंडालों के निर्माण में सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाली पूजा समितियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पंडालों में फायर सेफ्टी और इमरजेंसी एग्जिट जरूरी
पूजा समितियों को पंडालों में सुरक्षित वायरिंग, अग्निशमन उपकरण और पर्याप्त प्रवेश-निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अलग से निकासी मार्ग रखना अनिवार्य होगा।
अग्निशमन विभाग को प्रमुख पूजा स्थलों और पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच करने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान फायर उपकरण, बिजली वायरिंग और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था पर विशेष नजर रहेगी।
बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर से दूर बनेंगे पंडाल
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पंडाल या तोरण द्वार बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर या अन्य विद्युत संरचनाओं से सटाकर नहीं बनाए जाएंगे। बिजली विभाग पूजा समितियों के साथ समन्वय कर इसका पालन सुनिश्चित करेगा।
सजावट और रोशनी के लिए नंगे या खुले तारों के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी। पूजा समितियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बिजली कनेक्शन और स्वीकृत लोड लेने का निर्देश दिया गया है। बिजली विभाग के अधिकारी पूजा स्थलों का नियमित निरीक्षण करेंगे।
पूजा समितियों और वॉलंटियर्स को दी जाएगी ट्रेनिंग
प्रशासन पूजा समितियों के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को प्राथमिक अग्नि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी जानकारी देगा। किसी आपात स्थिति में शुरुआती स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू हो सके, इसके लिए स्वयंसेवकों को तैयार किया जाएगा।
विसर्जन के लिए समितियों को प्रशासन और संबंधित थानों के साथ समन्वय कर निर्धारित रूट का ही इस्तेमाल करना होगा। विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की एमवीआई से जांच भी कराई जाएगी।
करम पर्व पर तालाबों की सुरक्षा पर खास फोकस
करम पर्व के दौरान तालाबों और अन्य पूजा स्थलों पर संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम को पहले से निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। तालाबों की सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था के साथ जरूरत के अनुसार क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
करमा पर्व समितियों के साथ बैठक कर उनकी जरूरतों और जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की सूची तैयार करने को भी कहा गया है।
दीपावली में पटाखों और ट्रैफिक पर रहेगी नजर
दीपावली के दौरान बाजारों और प्रमुख इलाकों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल सुनिश्चित कराने तथा प्रतिबंधित या असुरक्षित पटाखों की बिक्री रोकने के लिए नियमित जांच की जाएगी।इसके साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को भी नियमित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
छठ से पहले घाटों की होगी पूरी तैयारी
छठ पर्व को देखते हुए नगर निगम को सभी तालाबों और छठ घाटों की समय पर साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया है। घाटों पर प्रकाश, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने पर जोर दिया गया है।
बैठक में सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, एसडीओ कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण और अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



