सोनू वर्मा, नूंह। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी कड़ी में अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) ज्योति ने जिले के चार परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ADC ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, स्वच्छता तथा अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़े सभी प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिले में इस बार चार परीक्षा केंद्रों पर कुल 1646 अभ्यर्थी NEET परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन तथा पुलिस विभाग की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ADC ज्योति ने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।