सोहराब आलम, मोतिहारी। मोतिहारी में खनन विभाग ने अवैध बालू खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खनन विभाग ने छापेमारी कर एक बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किया है। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान बालू माफिया मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। यह कार्रवाई खनन पदाधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में की गई।
खबर दिखाने के बाद हुई कार्रवाई
बता दें कि कल बुधवार को अवैध बालू खनन के खिलाफ तमाम मीडिया और सोशल मीडिया पर खबरें चलाई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि मोतिहारी में बालू माफिया और कुछ अधिकारियों के कथित गठजोड़ से यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, अब रात के बजाय दिनदहाड़े सफेद बालू का अवैध खनन किया जा रहा है। बालू माफियाओं में अब पुलिस या विभागीय कार्रवाई का कोई डर नहीं है।
लंबे समय से चल रहा है अवैध खनन का खेल
दरअसल पूरा मामला मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से गुजरने वाली तियर नदी का है, जहां लंबे समय से सफेद बालू के अवैध खनन का खेल जारी है। स्थानीय लोगों की माने तो प्रशासन द्वारा समय-समय पर की जाने वाली कार्रवाई महज केवल एक खानापूर्ति है, यही कारण है कि इस अवैध धंधे का खेल जारी रहता है और उसपर स्थायी तौर से रोक नहीं लग पाती है। हालांकि जब एक बार फिर से मीडिया में इस अवैध धंधे को प्रमुखता से दिखाया गया तो नींद खुलने पर जागे खनन विभाग ने फिर से कार्रवाई शुरू की है।
कार्रवई या सिर्फ दिखावा?
आमतौर पर देखा गया है कि ऐसी खबरें प्रकाशित होने के बाद अधिकारी एक-दो वाहनों को जब्त कर लेते हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद अवैध खनन फिर से शुरू हो जाता है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या इस बार प्रशासन ठोस और निरंतर कार्रवाई करेगा, या पहले की तरह कुछ दिनों की सख्ती के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी। स्थानीय लोगों की नजर अब प्रशासनिक कदमों पर टिकी है, और वे उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होगी, जिससे इस अवैध कारोबार पर लगाम लग सके।
ये भी पढ़ें- जमीन से जुड़ी शिकायतों में अब नहीं होगी देरी! सभी अंचलों में आज से शुरू हो रहा महा अभियान

