Bihar News: बिहार में भूमि से संबंधित मामलों का निपटारा करने के लिए सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है, जिसके तहत आज 11 जून से लेकर 17 जून तक सभी प्रखंडों में महा अभियान चलाया जाएगा।, जिसके तहत दाखिल खारिज एवं भूमि से संबंधित सभी प्रकार के कार्य पूरे किए जाएंगे। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल इस महा अभियान को लेकर काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को साफ तौर पर यह चेतावनी दी है कि वे इस महा अभियान को महज एक औपचारिकता नहीं समझे। दिलीप जायसवा ने कहा है कि, लक्ष्य पूरा करने की जिम्मेदारी संबंधित अंचल और राजस्व अधिकारियों की होगी। लक्ष्य हासिल नहीं करने या लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
अच्छा काम करने वालों का होगा सम्मान
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि, जो भी अधिकारी लापरवाही बरतेंगे, उन सभी के खिलाफ कारवाई होगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, जो अधिकारी अच्छा काम करेंगे उन्हें विभाग द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा। जैसा कि हम करते रहे हैं। मंत्री कहा कि, 46 लाख से अधिक आवेदन आए हैं, सभी को स्कैन कर डाउनलोड किया जा रहा है और जल्द ही सभी का निष्पादन भी किया जाएगा।
लंबित मामलों को लेकर सख्त है विभाग
आपको बता दें कि दिलीप कुमार जायसवाल ने राजस्व के लंबित मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाया हुआ है। बीते 29 मई को एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उन्होंने विभाग से जुड़े अधिकारियों को साफ और सख्त चेतावनी देते हुए कहा था कि 15 दिनों के अंदर हर हाल में दाखिल-खारिज, परिमार्जन, ई-मापी, अभियान बसेरा और जन शिकायतों से जुड़े लंबित मामलों का निस्तारण हो जाना चाहिए। यदि इस अवधि के बाद जब समीक्षा होगी और फिर ऐसे मामले सामने आते हैं, तो लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लिया जा सकता है।
अब तक 32 के खिलाफ एक्शन
दिलीप जायसवाल ने साफ तौर पर कहा है कि विभाग में भ्रष्टाचार, मनमानी और जनता के कामों में अनावश्यक देरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपको बता दें कि अब तक लापरवाही बरतने के मामले में 32 राजस्व एवं अंचल अधिकारियों के खिलाफ विभागीय एक्शन लिया जा चुका है।
ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार के सभी 38 जिलों में अलर्ट जारी, पटना में सुबह से झमाझम बारिश

