Bihar Today Weather: बिहार में मानसून की एंट्री होने से पहले ही प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने आज गुरुवार (11 जून) को राज्य के सभी 38 जिलों में आंधी-पानी को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसका असर कई जिलों में सुबह से ही देखने को मिल रहा है।

पटना में सुबह से हो रही झमाझम बारिश

राजधानी पटना समेत सुपौल, छपरा और बक्सर में आज तड़के सुबह से ही आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। वहीं, कई जगहों पर आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। पटना में सुबह से ही तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हो रही है, जिससे लोगों को पड़ रही उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है।

इन जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट

मौसम विभाग ने दरभंगा, समस्तीपुर, जहानाबाद, बांका, अरवल, बेगूसराय, भागलपुर, मुंगेर, नवादा, जमुई, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, गया, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया,पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, लखीसराय, शेखपुरा, पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, मधुबनी, कैमूर, औरंगाबाद, और सीतामढ़ी में तेज बारिश के साथ आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है।

आसमान से बिजली गिरने का खतरा

इन जिलों में तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। साथ आसमान से आकाशीय बिजली के गिरने का भी खतरा बना रहेगा। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। इस दौरान 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक बिहार में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।

अधिकतम तापमान में हो सकती है गिरावट

पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग जिलों में हुई रुक-रुककर बारिश और आंधी के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक यदि इसी तरह का मौसम बिहार में आगे भी बना रहा तो अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की और गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को पड़ रही उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिलेगी।

ये भी पढ़ें- Lalu Yadav Birthday: राबड़ी आवास में आधी रात मना जन्मदिन का जश्न, लालू यादव ने परिवार संग काटा केक