कुंदन कुमार, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव आज 11 जून को अपना 78वां जन्मदिन मना रहे हैं। लालू यादव ने बीती रात 12 बजे केक काटकर पूरे परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उनकी पत्नी और पूर्व सीएम राबड़ी देवी, बड़ी बेटी मीसा भारती, तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री मुख्य रूप से मौजूद रहीं। सभी ने लालू यादव को केक खिलाकर उनका जन्मदिन मनाया और उन्हें शुभकामनाएं दी।

तेजस्वी ने वीडियो शेयर कर दी जन्मदिन की बधाई

तेजस्वी यादव ने लालू यादव के जन्मदिन सेलिब्रेशन का एक छोटा सा वीडियो अपने फेसबुक पर शेयर किया। जिसमें उन्होंने पिता लालू यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, दमदार नेतृत्व एवं दृढ़ व्यक्तित्व के धनी, सहृदयता और सहिष्णुता के साक्षात हस्ताक्षर, मजबूत शख्सियत, संघर्ष के जीवंत प्रतिमूर्त, सर्वजन बहुजन के सच्चे हमदर्द, धर्मनिरपेक्षता भाईचारा व बंधुत्व के प्रखर पैरोकार, सामाजिक एकता और समरसता के महायोद्धा, सामाजिक न्याय के प्रणेता तथा जन-जन के महबूब नेता आदरणीय श्री लालू यादव जी के अवतरण दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई।

वीडियो कॉल से जुड़े तेज प्रताप और रोहिणी

लालू यादव के जन्मदिन पर बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य भले ही शारीरिक रूप से इस सेलिब्रेशन में मौजूद नहीं रहे हो, लेकिन वे वीडियो कॉल के जरिए इस परिवार के जश्न में शामिल हुए और लालू यादव को जन्मदिन की बधाई दी। इस मौके पर पूरा परिवार काफी खुश नजर आया।

लालू के जन्मदिन को खास बनाने के लिए पार्टी ने सामाजिक उत्थान और गरीबों के कल्याण से जोड़ते हुए कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है। इस मौके पर आज राजद कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है।

आपका प्यार और आशीर्वाद बेशकीमती धरोहर-रोहिणी

रोहिणी ने लालू यादव के जन्मदिन पर सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, आज आपके जन्मदिन पर मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मेरी ज़िंदगी में आपका स्थान कोई और नहीं ले सकता। आपने हर कदम पर मेरा हाथ थामा, मुझे गिरकर संभलना और चलना सिखाया और हर मुश्किल में मेरी ढाल बनकर खड़े रहे। आपका प्यार, त्याग और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बेशकीमती धरोहर है। ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि आपको लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य, हर पल सिर्फ और सिर्फ खुशी मिले और आपके आशीर्वाद का हाथ सदैव मेरे सिर पर रहे। जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं पापा .. हैप्पी बर्थडे।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: लालू के जन्मदिन पर जश्न, BJP का सहयोग कार्यक्रम, जनसुनवाई, समीक्षा बैठक