कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा बैठक

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में विभाग के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे, जो विभाग से जुड़े विभिन्न योजनाओं, खनन कार्यों की प्रगति, राजस्व वसूली, अवैध खनन पर नियंत्रण तथा लंबित मामलों की स्थिति पर विस्तार से समीक्षा करेंगे। बैठक में विभागीय अधिकारी, संबंधित जिला पदाधिकारी और अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान चल रही परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी भी किए जा सकते हैं।

जदयू कार्यालय में होगी जनसुनवाई

जदयू कार्यालय में आज जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में आम जनता अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेगी। कार्यक्रम का समय दोपहर 12 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे और लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का आश्वासन देंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

बीजेपी कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम

बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज गुरुवार (11 जून) को सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।

78 साल के हुए लालू यादव, कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव आज 11 जून को अपना 78वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर आज राजद कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। लालू यादव ने बीती रात केक काटकर पूरे परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया। लालू के जन्मदिन को खास बनाने के लिए पार्टी ने सामाजिक उत्थान और गरीबों के कल्याण से जोड़ते हुए कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है।

ये भी पढ़ें- नवादा में 10 रुपये के लिए दो समुदायों में तनातनी, जिंदगी और मौत से लड़ रहा युवक, पुलिस की कड़ी निगरानी