लखनऊ. रक्षाबंधन समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग अलर्ट मोड पर है. प्रदेशभर में लगातार खाद्य विभाग छापेमारी कर रहा है. जिसमें केमिकल युक्त, नकली, नुकसानदायक मिठाईयों और उत्पादों को जब्त किया जा रहा है. साथ ही कई जगहों पर दुकानें और गोदाम को सील करने की कार्रवाई भी की जा रही है. इसी कड़ी में प्रयागराज, रायबरेली और हापुड़ में खाद्य विभाग ने कार्रवाई की है. हालांकि कुछ जगहों पर कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति भी की गई.
प्रयागराज में 74 क्विंटल केमिकल युक्त मिठाइयां पकड़ी गईं. FSDA ने मिठाई नष्ट कराई. लेकिन मामले में FIR नहीं की गई. किसी भी दुकानदार पर अब तक केस नहीं लिखा गया है. सोरांव इलाके में ये अवैध कारखाना चल रहा था. टीम ने मौके से केमिकल और नकली दूध का पाउडर भी बरामद किया है. लेकिन इन सबके बाद भी कोई अपराध दर्ज नहीं किया गया. मिठाइयां नष्ट कराकर सिर्फ खानापूर्ति की गई है.
इसे भी पढ़ें : इंतजार की घड़ियां खत्म: यूपी में साक्षर भारत योजना के प्रेरकों का बकाया हुआ क्लियर, जानें कब आएंगे पैसे
वहीं हापुड़ में खाद्य विभाग ने मिलावटी रसगुल्ले जब्त किए. टीम ने गुलाब जामुन के सैंपल लिए. सफेद रसगुल्ले के भी सैंपल लिए गए. 2 कंटेनर में करीब 110 किलो सफेद रसगुल्ल भरे थे. खाद्य विभाग ने 110 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए. गढ़ तहसील क्षेत्र में खाद्य विभाग ने ये कार्रवाई की.
इसके अलावा रायबरेली में मिठाई के नाम पर ‘जहर’ बेचने वालों पर कार्रवाई की गई. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने की छापेमारी कर सरेनी के भोजपुर में झुल्लन स्वीट हाउस पर कार्रवाई की. जिसमें डेढ़ कुंतल चमचम नष्ट कराया गया. चौहान स्वीट हाउस से 75 किलो खोया भी बरामद किया गया. 25 किलो छेना भी नष्ट कराया गया. बछरावां के अघौरा में भी बड़ी कार्रवाई की गई. वीरेंद्र कुमार की मिठाई निर्माण इकाई पर छापा मारा गया. जिसमें एक कुंतल छेना और काला जामुन नष्ट कराया गया. एक अन्य मिठाई निर्माण इकाई पर भी कार्रवाई की गई.


