कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijit Dipke) ने दावा किया है कि 5 सितंबर को इंडिया गेट (India Gate) पर होने वाला आंदोलन जंतर-मंतर(Jantar Mantar) के प्रदर्शन से भी बड़ा होगा। केंद्र सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए CJP ने इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय (Delhi Police Headquarter) तक विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। दीपके ने संकेत दिया है कि मार्च के बाद प्रदर्शनकारी दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR वापस नहीं ली जातीं, तब तक वहां धरना जारी रखने की योजना है। दीपके ने यह भी कहा कि अगर प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल प्रयोग करती है तो CJP इसके लिए भी तैयार है।
‘पहले सुप्रीम कोर्ट का दिया बहाना’
अभिजीत दीपके ने सरकार पर छात्रों से किए वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने की बात कही गई थी, लेकिन अब सरकार इस मामले में टालमटोल कर रही है। दीपके के मुताबिक, शुरुआत में सरकार ने FIR वापस नहीं लेने के पीछे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया था। उनका दावा है कि सरकार ने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने के कारण वह इस मामले में कार्रवाई नहीं कर सकती। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट की ओर से एक और आदेश आया, जिसमें सरकार से संबंधित मामलों की सूची मांगी गई थी। हालांकि, दीपके का आरोप है कि सरकार ने अब तक यह सूची अदालत को उपलब्ध नहीं कराई है। सरकार उन छात्रों के साथ धोखा कर रही है, जो शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि अगर शिक्षा व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब नहीं होती तो इतना बड़ा आंदोलन खड़ा ही नहीं होता।
सरकार की टालमटोल से दोबारा आंदोलन को मजबूर हुए’
सरकार की ओर से कथित टालमटोल के चलते उन्हें दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है और इस बार जंतर-मंतर से भी बड़ा आंदोलन देखने को मिल सकता है। पिछला आंदोलन खत्म करने से पहले सरकार ने छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने की मांग स्वीकार की थी। उन्होंने दावा किया कि इसी आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त किया गया था, लेकिन 1 महीने बीतने के बावजूद सरकार ने इस मामले में कोई फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार अपने वादे से पीछे हटती है तो एक बार फिर आंदोलन किया जाएगा। दीपके ने दावा किया कि 5 सितंबर के प्रस्तावित आंदोलन की घोषणा के बाद Social Media पर युवाओं की प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं और कई लोग इसे ‘सीजन-2’ बता रहे हैं।
इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक मार्च का प्लान
5 सितंबर के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन की रणनीति बताई है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी पहले इंडिया गेट पर जुटेंगे और वहां से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक मार्च निकालेंगे। पुलिस मुख्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारी वहां तब तक रहने की योजना बना रहे हैं, जब तक छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR वापस नहीं ली जातीं।
‘इंडिया गेट लोकतंत्र और प्रतिरोध का प्रतीक’
इंडिया गेट को प्रदर्शन स्थल के तौर पर चुनने के सवाल पर दीपके ने कहा कि यह लंबे समय से अधिकारों की लड़ाई और विरोध का प्रतीक रहा है। उन्होंने 2012 के निर्भया आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी बड़ी संख्या में लोग अपनी मांगों को लेकर इंडिया गेट पर जुटे थे। पहले जब किसी मुद्दे पर लोगों को अपना संघर्ष दर्ज कराना होता था, तो वे अमर जवान ज्योति के पास जुटते थे। उनके मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में इंडिया गेट को विरोध-प्रदर्शन के केंद्र से अलग कर दिया गया है। उनके संगठन के लिए इंडिया गेट लोकतंत्र और प्रतिरोध का प्रतीक है। दीपके ने सवाल उठाया कि अगर अतीत में यहां बड़े आंदोलन हो सकते थे, तो अब ऐसा क्यों नहीं हो सकता।
‘देश की छवि खराब हो रही, पुलिस फिर बल प्रयोग कर सकती है’
5 सितंबर के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर नई दिल्ली के DCP की ओर से प्रदर्शन या मार्च के लिए अनुमति नहीं लिए जाने की बात कही गई है। इस पर अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों का काम अनुमति से जुड़े आवेदनों पर फैसला लेना है और कोई भी अधिकारी संविधान से ऊपर नहीं है। दीपके ने 20 जुलाई को हुए कथित पुलिस बल प्रयोग का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पुलिस एक बार फिर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करना चाहती है। उनका आरोप है कि पिछले प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी। प्रस्तावित मार्च को पुलिस की ओर से रोके जाने और टकराव की स्थिति बनने की आशंका पर दीपके ने कहा कि अगर पुलिस बल प्रयोग करती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाना चाहते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


