दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू (Taranjit Singh Sandhu) ने बारिश के बाद होने वाले जलभराव की स्थिति को आपदा मानकर युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे खुद सड़कों पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करें। उपराज्यपाल ने ये निर्देश जलभराव की स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ हुई बैठक में दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पंप लगाने का काम तेजी से पूरा करने को कहा, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम किया जा सके। बैठक में दिल्ली जल बोर्ड के CEO, PWD, NDMC के चेयरमैन, ट्रैफिक पुलिस और विभिन्न संबंधित विभागों के इंजीनियर मौजूद रहे। बैठक में जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, पानी की निकासी और राहत-बचाव व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

जलभराव को लेकर हुई बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में स्थिति अभी पूरी तरह संतोषजनक नहीं है, लेकिन पिछले तीन मानसून की तुलना में इस बार हालात बेहतर रहे हैं। अधिकारियों ने जलभराव से निपटने के लिए अब तक उठाए गए कदमों और किए गए इंतजामों की जानकारी उपराज्यपाल को दी। अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक दशक में ड्रेनेज सिस्टम और बुनियादी ढांचे की अनदेखी के कारण दिल्ली में जलनिकासी से जुड़ी कई पुरानी समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं को दूर करने के लिए जरूरी सुधार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम किया जा रहा है, लेकिन इसमें समय लग रहा है।

जलभराव से निपटने के लिए ‘होल ऑफ गवर्नमेंट’ की रणनीति

दिल्ली में जलभराव की समस्या को लेकर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव से निपटने के लिए ‘होल ऑफ गवर्नमेंट’ यानी पूरी सरकार को एकजुट होकर काम करना होगा। LG ने कहा कि विभाग और एजेंसियां अलग-अलग काम करने के बजाय आपसी तालमेल के साथ तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों और इंजीनियरों की ग्राउंड पर 24 घंटे मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि समस्या सामने आते ही तुरंत कार्रवाई की जा सके। उपराज्यपाल ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर पानी भरने का इंतजार करने के बजाय पहले से ऐसे स्थानों की पहचान की जाए और वहां जरूरी इंतजाम किए जाएं। उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ अतिरिक्त पंप तैनात करने के भी निर्देश दिए।

शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई

दिल्ली में जलभराव की समस्या को लेकर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान लोगों को होने वाली परेशानी पर प्रशासन को तेजी से प्रतिक्रिया देनी चाहिए। LG ने निर्देश दिया कि मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सामने आने वाली जलभराव की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उन पर तत्काल कार्रवाई की जाए। संबंधित विभागों को शिकायत मिलने के बाद मौके पर टीम भेजकर स्थिति का जायजा लेने और जरूरत के अनुसार पानी की निकासी सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और वरिष्ठ अधिकारी भी इसकी नियमित निगरानी करें, ताकि जलभराव से प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m