Technology Desk: ऑडियो प्रोडक्ट्स के लिए जाना जाने वाला ब्रांड Mivi अब स्मार्टफोन मार्केट में एंट्री करने जा रहा है। कंपनी का पहला स्मार्टफोन Mivi One 5G भारत में 24 सितंबर को लॉन्च होगा। लॉन्च से पहले कंपनी ने फोन के कई अहम फीचर्स की जानकारी टीज कर दी है।

Mivi One 5G की बिक्री भारत में Flipkart के जरिए की जाएगी। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर फोन के लिए एक डेडिकेटेड लैंडिंग पेज भी लाइव हो चुका है। कंपनी ने फोन को तीन कलर ऑप्शन में लॉन्च करने की पुष्टि की है।
50MP कैमरा से होगा लैस
कंपनी की ओर से जारी किए गए लेटेस्ट टीजर के मुताबिक Mivi One 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा। इसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जाएगा। हालांकि, दूसरे कैमरा सेंसर की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
सेल्फी कैमरा और कैमरा से जुड़े दूसरे फीचर्स का खुलासा कंपनी लॉन्च के दौरान कर सकती है।
Snapdragon 5G चिपसेट मिलेगा
Mivi One 5G में Qualcomm Snapdragon 5G चिपसेट दिया जाएगा। हालांकि, कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि फोन में Snapdragon का कौन सा प्रोसेसर इस्तेमाल किया जाएगा।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन Android 16 के साथ बॉक्स से बाहर आएगा। यह फीचर फोन को लेटेस्ट Android अनुभव देने वाला है।
तीन रंगों में आएगा फोन
Mivi One 5G को कंपनी बरगंडी, ब्लू और ग्रीन कलर ऑप्शन में पेश करेगी। फोन को करीब 15,000 रुपये के प्राइस सेगमेंट में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, इसकी आधिकारिक कीमत लॉन्च के समय ही सामने आएगी।
Mivi Care+ से मिलेगी आफ्टर-सेल्स सर्विस
फोन के साथ कंपनी ने अपने आफ्टर-सेल्स प्रोग्राम Mivi Care+ की भी जानकारी दी है। इसके तहत ग्राहकों को एक साल की स्टैंडर्ड वारंटी मिलेगी। कंपनी के मुताबिक देशभर में 500 से ज्यादा ऑथराइज्ड सर्विस हब के जरिए ग्राहकों को सर्विस दी जाएगी।
इसके अलावा फोन के लिए 7 दिन की रिप्लेसमेंट पॉलिसी भी दी जाएगी। ग्राहक Mivi Care+ मोबाइल ऐप के जरिए अपनी सर्विस रिक्वेस्ट को डिजिटल तरीके से ट्रैक कर सकेंगे।
19 हजार से ज्यादा पिन कोड पर डोरस्टेप सर्विस
Mivi का दावा है कि One 5G ग्राहकों को 19,000 से ज्यादा पिन कोड में फ्री डोरस्टेप सर्विस पिकअप और रिटर्न डिलीवरी की सुविधा मिलेगी। इससे फोन में किसी तरह की समस्या आने पर ग्राहकों को सर्विस सेंटर तक जाने की जरूरत कम हो सकती है।
Mivi अब तक मुख्य रूप से ईयरफोन, साउंडबार और दूसरे ऑडियो प्रोडक्ट्स के लिए जाना जाता है। Mivi One 5G कंपनी का पहला स्मार्टफोन होगा, जिसके जरिए ब्रांड स्मार्टफोन बाजार में अपनी नई शुरुआत करने जा रहा है।



