Bihar News: आरा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत होने के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने महिला की मौत के लिए डॉक्टर की लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की। हंगामा बढ़ता देख डॉक्टर और अस्पताल के स्टॉफ मौके से फरार हो गए। पूरा मामला नवादा थाना क्षेत्र के गैस एजेंसी रोड स्थित केशर अस्पताल की बताई जा रही है।

डॉक्टर पर लग रहा लापरवाही का आरोप

मृतक महिला की पहचान मुनि देवी पत्नी सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो शाहपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह की रहने वाली थी। मिली जानकारी के अनुसार महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनकी इलाज के दौरान अचानक मौत हो गई।

महिला की अचानक मौत होने पर परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर उत्पात मचाते हुए कुर्सियां और खिड़कियां तोड़ दी और अस्पताल से बाहर निकलकर सड़क को जाम कर दिया, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।

पुलिस ने दिया जांच का आश्वासन

हालात को बेकाबू होता देख अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ मौके से फरार हो गए। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर नवादा थाने की पुलिस पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करते हुए हालात को काबू में किया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को जांच का आश्वासन देते हुए कहा है कि अगर डॉक्टर की लापरवाही साबित होती है, तो अस्पताल और डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- मलमास मेला घूमकर लौट रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, सड़क हादसे में एक की दर्दनाक मौत, कई घायल