वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के राजगीर थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। नाहुब बायपास मार्ग पर नोनही गांव के समीप आज गुरुवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक वृद्ध की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि इस हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे में 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत

मृतक की पहचान खुदागंज थाना क्षेत्र के मैंदी कला निवासी 65 वर्षीय कृष्णा प्रसाद चौरसिया के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार के साथ राजगीर में चल रहे मलमास मेले में घूमने आए थे। गुरुवार की सुबह सभी लोग ई-रिक्शा पर सवार होकर नोनही गांव स्थित अपनी बेटी के घर लौट रहे थे। तभी नोनही गांव के समीप सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।

चालक समेत कई लोग हुए घायल

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही कृष्णा प्रसाद चौरसिया की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इस सड़क हादसे में मृतक की पत्नी उषा देवी, पुत्री सविता देवी, नाती आनंद कुमार समेत ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

छानबीन में जुटी पुलिस

वहीं राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक और वाहन की पहचान में जुटी हुई है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बिहार में स्वर्ण कारोबारी को गोली मार 45 लाख की लूट, गहनों और नकदी से भरा बैग लेकर भागे बदमाश