Bihar Crime: बिहार में अपराध के खिलाफ लगातार हो रहे एक्शन और एनकाउंटर के बाद भी अपराधियों का मनोबल कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गयाजी जिले से सामने आया है, जहां कल बुधवार की देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक ज्वेलरी व्यवसायी को गोली मारकर घायल कर दिया और 45 लाख के जेवरात और नकदी लूटकर नौ दो ग्यारह हो गए। घटना गुरारू थाना क्षेत्र की है। लूट की इस घटना के बाद व्यवसायियों और आसपास के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
बाइक सवार 4 अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
घायल और पीड़ित व्यवसायी की पहचान प्रभाकर बरनवाल के रूप में की गई है, जो गुरारू बाजार के ही रहने वाले हैं। घटना के समय वह अपनी दुकान “एस ब्रदर्स ज्वेलर्स” बंद कर कार से घर लौट रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार प्रभाकर बरनावल जैसे ही करमाईन की ओर बढ़े इस बीच पहले से ही घात लगाए दो बाइक पर सवार अपराधियों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और उनपर हमला बोल दिया।
व्यवसायी के दाए पैर में लगी गोली
सभी बदमाश हथियार से लैस थे। उन्होंने प्रभाकर बरनवाल की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने करीब 6 राउंड गोलियां चलाई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया। इस दौरान दाए पैर में गोली लगने से प्रभाकर बरनवाल घायल होकर घटनास्थल पर ही गिर गए, जिसके बाद अपराधियों ने कार में रखा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
जमीन लिखाने को लेकर दे रहे थे धमकी
घटना के समय मौजूद प्रभाकर बरनवाल के ड्राइवर और स्टाफ सुभाष संगत ने बताया कि फायरिंग करने के दौरान बदमाश लगातार उन्हें धमकी दे रहे थे। वे कह रहे थे कि “जमीन क्यों नहीं लिख रहे हो।” उन्होंने बताया कि जो बैग बदमाश लेकर फरार हुए हैं, उसमें करीब 40 लाख के सोने और चांदी के गहने थे। वहीं, 5 लाख तक नकद पैसे थे।
गंभीर हालत में इलाज जारी
घटना के बाद घायल व्यवसायी को इलाज के लिए गुरारू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च इलाज के लिए गया मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
छानबीन में जुटी पुलिस
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से तीन खोखे बरामद हुए है। अपराधियों की पहचान और उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, घटना को लेकर व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
ये भी पढ़ें- दरोगा प्रभात रंजन हत्याकांड में ऐतिहासिक फैसला, 3 दोषियों को उम्रकैद

