रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले में सियासी नेताओं और उनके परिवारों को डराने-धमकाने का मामला लगातार गर्माता जा रहा है। महम के विधायक के दफ्तर पर हुई गोलीबारी की वारदात को अभी दो दिन भी नहीं बीते थे कि अब इंडियन नेशनल लोकदल यानी इनेलो के युवा जिलाध्यक्ष बल्लू प्रधान के बेटे को जान से मारने की धमकी मिल गई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले की भनक लगते ही आईएमटी थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और छानबीन शुरू कर दी।

सुनसान रास्ते पर रोका रास्ता, पिता को सुधारने की कही बात

इनेलो नेता बल्लू प्रधान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 17 साल का बेटा आकाश सोमवार शाम को अपने गांव खेड़ी सांपला के मंदिर की तरफ जा रहा था। वह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार था। जैसे ही वह आईएमटी इलाके के एक सुनसान रास्ते पर पहुंचा, तभी अचानक एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी उसके सामने आकर रुक गई। उस गाड़ी पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। गाड़ी रुकते ही उसमें बैठे बदमाशों ने आकाश का रास्ता रोक लिया और उसे डराना शुरू कर दिया।

बदमाशों ने आकाश से कहा कि तेरे पिता बहुत हवा में उड़ रहे हैं, उन्हें अच्छे से समझा देना, नहीं तो जान से मार देंगे। इतना कहते ही आरोपी अपनी तेज रफ्तार गाड़ी लेकर वहां से रफूचक्कर हो गए। डरे-सहमे आकाश ने तुरंत अपने पिता को फोन मिलाकर पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिवार ने सीधे थाने पहुंचकर पुलिस में मामला दर्ज कराया।

पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान हैं विरोधी

बल्लू प्रधान का साफ कहना है कि उनके बेटे की किसी भी व्यक्ति से कोई निजी दुश्मनी या रंजिश नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में उनकी पार्टी की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और मजबूती से कुछ लोग परेशान हैं। इसी वजह से उनके परिवार को निशाना बनाकर दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनके परिवार को सुरक्षा दी जाए और आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

इस मामले को लेकर आईएमटी थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें लिखित शिकायत मिल चुकी है। पुलिस की एक टीम ने पीड़ित युवक को साथ लेकर घटनास्थल का मुआयना भी किया है। बदमाशों का सुराग लगाने के लिए पुलिस उस रास्ते और आसपास की कंपनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों की पहचान के लिए कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।