लवकुश बैरागी, आगर मालवा। आगर के मोतीसागर तालाब में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि इस दौरान एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके चलते नगर पालिका के बिजली सुधार कार्य में उपयोग होने वाले वाहन से शव को अस्पताल ले जाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, भगवानसिंह पिता भेरूसिंह (24) निवासी ढाबला पीपलोन मंगलवार को अपने एक साथी के साथ मोतीसागर तालाब में नहाने गया था। नहाते-नहाते वह गहरे पानी की ओर काफी दूर निकल गया। कुछ देर बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो उसके साथी ने आसपास मौजूद लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस व SDRF को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें: उफनती चंपा नदी में बाइक समेत बहे दो ग्रामीण: रपटा पार करते समय हुआ दर्दनाक हादसा, एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिले दोनों के शव
घटना से कुछ समय पहले SDRF ने किया था प्रशिक्षण अभ्यास
सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने शव तालाब से बाहर निकाला। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ ही समय पहले SDRF की टीम मोतीसागर तालाब में प्रशिक्षण अभ्यास पूरा कर वहां से रवाना हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि टीम उसी समय मौके पर मौजूद होती तो संभवतः युवक को समय रहते बचाया जा सकता था।
शव लेने नहीं पहुंची एंबुलेंस
घटना के बाद एक और गंभीर लापरवाही सामने आई। युवक के शव को जिला अस्पताल पहुंचाने के लिए काफी देर तक एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। आखिरकार नगर पालिका के बिजली सुधार कार्य में उपयोग होने वाले वाहन से शव को जिला अस्पताल ले जाया गया। इस घटना ने एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

