राकेश चतुर्वेदी, बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। चंपा नदी का उफान दो ग्रामीणों की जान ले गया। दोनों युवक बाइक से घर लौट रहे थे और पानी में डूबे रपटे को पार करने की कोशिश के दौरान तेज बहाव में बह गए। मंगलवार सुबह उनके शव घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में फंसे मिले।

READ MORE:‘भारत के मुसलमान को इंडोनेशिया जाना चाहिए’, पंडित धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान, सौहार्द सीखने की दी सलाह

जानकारी के अनुसार, सिप्लाई गांव निवासी 42 वर्षीय राजेश बिहारे और 40 वर्षीय दद्दू धुर्वे सोमवार शाम देवपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान चंपा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से रपटा पूरी तरह पानी में डूब चुका था। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को कुछ देर रुककर पानी कम होने का इंतजार करने की सलाह भी दी, लेकिन उन्होंने बहते पानी के बीच से बाइक निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज बहाव उन्हें बाइक समेत बहाकर ले गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने रातभर दोनों की तलाश की, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह कुंवर देव टेकड़ा के पास नदी किनारे झाड़ियों में दोनों के शव दिखाई दिए। सूचना पर चिचोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली भेजा।

READ MORE जिला अस्पताल में फर्जीवाड़ा: सरकारी पोर्टल से जारी हुए ‘फर्जी’ जन्म प्रमाण-पत्र, सिविल सर्जन ने पुलिस को सौंपी जांच

बताया गया है कि राजेश बिहारे देवपुर मार्ग पर पंचर बनाने की दुकान चलाते थे, जबकि दद्दू धुर्वे खेती-किसानी से जुड़े थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि लगातार बारिश के कारण चिचोली क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर हैं और कई रपटे पानी में डूबे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले रपटों और पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा सुरक्षित स्थान पर रुककर पानी कम होने का इंतजार करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m