फिजिकल-मेडिकल में फेल युवाओं को पास कराने का झांसा, सेना के बड़े अधिकारियों से संपर्क होने का करते थे दावा
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। अग्निवीर बनने की चाह लेकर भर्ती रैली में पहुंचे युवाओं को निशाना बनाने वाले एक कथित ठगी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। धर्मशाला में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के बाहर दो युवक अभ्यर्थियों को अपनी कथित ऊंची पहुंच का झांसा देकर फंसाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के करनाल जिले के गांव पिचोलिया निवासी रमन (27) और गांव अपराणा निवासी शुभम (30) के रूप में हुई है।विजिटिंग कार्ड से शुरू होता था ‘ऑफर’ पुलिस के अनुसार, दोनों युवक भर्ती स्थल के बाहर अभ्यर्थियों को विजिटिंग कार्ड बांट रहे थे। वे खुद को ऐसा व्यक्ति बताने की कोशिश कर रहे थे, जिनकी सेना के बड़े अधिकारियों तक सीधी पहुंच है।
आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में फिजिकल या मेडिकल टेस्ट में अनफिट होने वाले अभ्यर्थियों को पास कराने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम ऐंठने की तैयारी थी। यानी भर्ती में जहां युवाओं की योग्यता और शारीरिक क्षमता की परीक्षा हो रही थी, वहीं भर्ती स्थल के बाहर उनकी मजबूरी और नौकरी पाने की बेचैनी को कथित तौर पर कमाई का जरिया बनाने की कोशिश की जा रही थी।
आर्मी इंटेलिजेंस के इनपुट पर कार्रवाई
मामले की जानकारी सामने आने के बाद आर्मी इंटेलिजेंस ने स्थानीय पुलिस को इनपुट दिया। धर्मशाला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक अकेले काम कर रहे थे या उनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
पटियाला भर्ती फर्जीवाड़े से भी जुड़ रहे तार
जांच के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के संबंध हाल ही में पटियाला में सामने आए भर्ती फर्जीवाड़े से होने का संदेह भी है। पटियाला में हरियाणा नंबर की कार के जरिए अभ्यर्थियों को निशाना बनाने वाले एक गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है।
धर्मशाला पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि क्या दोनों मामलों के पीछे एक ही नेटवर्क है और भर्ती रैलियों में अभ्यर्थियों को निशाना बनाने वाला कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।
युवाओं के लिए बड़ा सबक
अग्निवीर भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं के लिए यह मामला एक अहम चेतावनी भी है। भर्ती प्रक्रिया में किसी अधिकारी तक पहुंच या पैसे के दम पर चयन कराने का दावा करने वालों के झांसे में आने के बजाय अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा करना चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


