युवाओं के साथ संवाद और भरोसे पर फोकस, मुख्यमंत्री बोले- जवाब देने से पहले उनकी बात समझें

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हालिया घटनाक्रम के बाद हरियाणा भाजपा ने नई पीढ़ी के साथ संवाद को लेकर अपनी रणनीति पर फोकस बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया है कि जेन-जी (Gen-Z) के साथ टकराव की राजनीति नहीं, संवाद और भरोसे की राजनीति अपनानी होगी।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि युवाओं की किसी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने या बहस में उलझने के बजाय पहले यह समझना जरूरी है कि वे कहना क्या चाहते हैं। इसके लिए कार्यकर्ताओं को धैर्यपूर्वक युवाओं की बात सुननी होगी।

‘जवाब’ से पहले ‘सुनना’ जरूरी

भाजपा संगठन के लिए मुख्यमंत्री का यह संदेश ऐसे समय आया है, जब युवा पीढ़ी राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर पहले की तुलना में ज्यादा मुखर नजर आती है। सोशल मीडिया के दौर में युवाओं की प्रतिक्रिया भी तत्काल सामने आती है और कई बार सरकारों तथा राजनीतिक दलों के लिए चुनौती बन जाती है।

ऐसे में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संकेत दिया है कि युवाओं की नाराजगी या सवालों को टकराव के नजरिए से देखने के बजाय उन्हें संवाद का अवसर माना जाए।

भाजपा के लिए युवा वोटर से आगे की चुनौती

हरियाणा की राजनीति में युवा मतदाता पहले से ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। अब जेन-जी की नई राजनीतिक सोच, सोशल मीडिया पर सक्रियता और रोजगार, शिक्षा तथा अवसरों से जुड़े सवालों को देखते हुए राजनीतिक दलों के सामने इस पीढ़ी से जुड़ने की नई चुनौती है।

नायब सैनी का संदेश इसी बदलाव के अनुरूप संगठन को तैयार करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की जा रही है कि वे युवाओं को केवल राजनीतिक समर्थक या वोटर के रूप में देखने के बजाय उनकी चिंताओं और सवालों को समझें।

टकराव नहीं, भरोसा बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री के संदेश का मूल भाव यही है कि युवाओं को चुप कराने या जवाबी बहस में उलझाने के बजाय उनसे बातचीत की जाए। उनकी बात सुनी जाए, उनकी नाराजगी के कारण समझे जाएं और संवाद के जरिए भरोसा कायम किया जाए।

राजनीतिक तौर पर यह भाजपा के लिए महज संगठनात्मक निर्देश नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के साथ रिश्ते बनाने की रणनीति में बदलाव का संकेत भी माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m