अहमदाबाद। गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार को उस वक्त भारी विवाद खड़ा हो गया, जब नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई की किताब पढ़ रहे सिविल सोसाइटी के सदस्यों और स्थानीय नेताओं पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। घटना वस्त्रापुर स्थित औडा (AUDA) गार्डन की है, जहां एक सोशल मीडिया आह्वान के बाद लोग सार्वजनिक रूप से किताबें पढ़ने के लिए एकत्र हुए थे।
विवाद की पृष्ठभूमि
मामले की शुरुआत करीब दो सप्ताह पहले हुई थी, जब अहमदाबाद के एक निजी स्कूल ने अपने पाठ्यक्रम में मलाला यूसुफजई की किताब को शामिल किया था। बजरंग दल ने कश्मीर मुद्दे पर मलाला के कथित बयानों को ‘भारत विरोधी’ करार देते हुए स्कूल प्रशासन के खिलाफ तीखा विरोध दर्ज कराया था। बढ़ती संवेदनशीलता को देखते हुए स्कूल ने किताब को तुरंत वापस ले लिया था।
वस्त्रापुर गार्डन में साइलेंट रीडिंग सेशन
स्कूल प्रबंधन के फैसले के विरोध और बौद्धिक स्वतंत्रता के समर्थन में सिविल सोसाइटी समूह, आम नागरिक और कांग्रेस नेता पार्थिवसिंह कठवाड़िया वस्त्रापुर गार्डन में एकत्र हुए। यह एक शांतिपूर्ण रीडिंग सेशन था, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना था।
बजरंग दल का विरोध और हाथापाई
आयोजन की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी भारी संख्या में पार्क पहुंच गए। उन्होंने इस आयोजन को ‘भारत विरोधी एजेंडे’ का प्रचार बताकर नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते विरोध ने उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किताब पढ़ रहे लोगों पर हमला कर दिया और हाथापाई की।
अभिव्यक्ति की आजादी पर सवाल
घटना के बाद सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को अपनी पसंद की किताबें पढ़ने और विचार व्यक्त करने का लोकतांत्रिक अधिकार देता है। उन्होंने साफ किया कि पार्क में केवल मलाला यूसुफजई की ही नहीं, बल्कि महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और अन्य विचारकों की पुस्तकें भी पढ़ी जा रही थीं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने झड़प में शामिल और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


