NEET पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए ‘Gen Z’ प्रदर्शन के बाद, केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह पहली बार गुजरात दौरे पर छात्रों के सीधे रूबरू होंगे। वह अहमदाबाद स्थित ऐतिहासिक संस्थान ‘गुजरात विद्यापीठ’ के 72वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। विपक्षी दलों और युवाओं के हालिया विरोध प्रदर्शनों के बीच अमित शाह की छात्रों के बीच यह मौजूदगी और उनका संबोधन बेहद अहम माना जा रहा है।
गुजरात विद्यापीठ का 72वां दीक्षांत समारोह
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा 18 अक्टूबर 1920 को स्थापित गुजरात विद्यापीठ में अमित शाह 900 मेधावी विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगे।
- कुल छात्र: 441 छात्राएं और 459 छात्र शामिल हैं।
- डिग्री वितरण: 184 स्नातक, 400 स्नातकोत्तर, 232 पीजी डिप्लोमा, 21 डिप्लोमा तथा 63 एमफिल/पीएचडी शोधकर्ताओं को उपाधियां दी जाएंगी।
- विशेष सम्मान: उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 छात्रों को अमित शाह ‘चांसलर मेडल’, ‘ध्वज मेडल’ और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करेंगे।
दौरे के अन्य प्रमुख कार्यक्रम
गांधीनगर से सांसद अमित शाह अपने इस एक दिवसीय दौरे के दौरान कुल पांच कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दीक्षांत समारोह के अलावा, शाह गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के विधानसभा क्षेत्र ‘घाटलोडिया’ में एक लोक दरबार भी लगाएंगे, जहां वह स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनका निवारण करेंगे।
युवाओं के आंदोलनों और देश भर में ‘Gen Z’ के मुद्दों की गूंज के बीच, गृह मंत्री का यह दौरा राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टिकोणों से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


