अहमदाबाद: शहर के नरोदा GIDC फेज-3 में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां प्लॉट नंबर 28 पर स्थित एक फूड प्रोडक्ट पैकेजिंग कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते धुएं का विशाल काला गुबार आसमान में दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

हादसे के समय फैक्ट्री के भीतर काम चल रहा था। आग की लपटें देखते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत हरकत में आई।

शुरुआत में आग की स्थिति को देखते हुए 7 गाड़ियां भेजी गई थीं, लेकिन लपटों की तीव्रता को देखते हुए मौके पर 10 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। फायरकर्मी अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। टीम विशेष सतर्कता बरत रही है ताकि लपटें पास की अन्य औद्योगिक इकाइयों तक न फैलें। घटना की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्यों का जायजा लिया।

बड़ा हादसा टला, आर्थिक नुकसान की आशंका

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने या झुलसने की खबर नहीं है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हादसे के असल कारणों और हुए आर्थिक नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल फायर डिपार्टमेंट की प्राथमिकता आग को पूरी तरह से शांत करने की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m