बांद्रा टर्मिनस से भुज जा रही ट्रेन संख्या 09037 सुपरफास्ट स्पेशल के AC-3 कोच में गुरुवार को यात्रियों की सतर्कता से अवैध शराब की बड़ी तस्करी का खुलासा हुआ। वापी स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद यात्रियों ने सीटों के नीचे रखे लावारिस बैग देखे, जिन्हें खोलने पर भारी मात्रा में शराब की बोतलें और प्लास्टिक पाउच बरामद हुए।

यात्रियों की मुस्तैदी से पकड़ाया जखीरा

सीटों के नीचे से संदिग्ध बैग मिलने के बाद यात्रियों ने पूरे कोच और आसपास की जगहों की तलाशी ली। यात्रियों ने सीटों के नीचे से बैग, प्लास्टिक की बोरियां और थैले निकालकर टॉयलेट के पास व दो कोच को जोड़ने वाले वेस्टिब्यूल एरिया में इकट्ठा करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां शराब की छोटी-बड़ी बोतलों और पाउच का ढेर लग गया। कुल 10 से ज्यादा पेटियां शराब बरामद की गईं। इस दौरान यात्रियों ने मौके पर मौजूद 3 संदिग्धों को भी पकड़ लिया और तुरंत घटना की सूचना TTE को दी।

सूरत जीआरपी ने दर्ज किया मामला

सूरत रेलवे पुलिस (GRP) ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनके खिलाफ शराब की तस्करी व हेराफेरी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि शराब को वापी से ट्रेन में कैसे चढ़ाया गया, इसका मुख्य सप्लायर कौन है और इस खेप को भुज में कहां खपाया जाना था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m