Air India Flight Turbulence: थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक आए तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। इस घटना में कई यात्री घायल हो गए, जबकि कुछ क्रू मेंबरों को भी मामूली चोटें आई हैं। हालांकि विमान की दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट सुबह करीब 8:30 बजे दिल्ली पहुंची। लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया था। घायल यात्रियों को तुरंत उपचार के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल, वसंत कुंज के फोर्टिस अस्पताल और स्पाइनल इंजरी सेंटर भेजा गया।
कंपनी ने जारी किया बयान
थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान टर्बुलेंस (हवा के तेज झटकों) की चपेट में आ गई। घटना में कई यात्रियों और कुछ क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं। हालांकि विमान की दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। एयर इंडिया ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा, “4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में अचानक थोड़ा बदलाव आया। विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री तथा क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर आ गए हैं।”
कंपनी के अनुसार, जिन यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं, उन्हें एहतियातन एयरपोर्ट के मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया। इसके बाद जरूरत के अनुसार कुछ घायलों को अस्पताल भी भेजा गया। एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा, “यात्रियों और क्रू की सुरक्षा तथा उनकी भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं और मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।”
यात्री बोला- ‘70-80% लोग घायल हुए’
घटना के बाद एक यात्री ने बताया कि फ्लाइट को उड़ान भरे करीब डेढ़ घंटा हो चुका था और अधिकांश यात्री सो रहे थे। इसी दौरान विमान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। यात्री के मुताबिक, “सुबह का समय था। हम फ्लाइट के अंदर सो रहे थे कि अचानक विमान को जोरदार झटके लगे। ऐसा लगा जैसे विमान एकदम रुक गया हो और पीछे की तरफ खिंच गया हो। यह स्थिति करीब 2 से 3 मिनट तक बनी रही।” उन्होंने दावा किया कि इस दौरान 15 से 20 यात्री घायल हुए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फ्लाइट में 100 से ज्यादा लोग सवार थे और उनके अनुमान के अनुसार 70 से 80 प्रतिशत यात्रियों को किसी न किसी तरह की चोट या परेशानी हुई। यात्री ने कहा कि घायलों की मेडिकल-लीगल केस (MLC) प्रक्रिया कराई जा रही है और वे एयर इंडिया के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


