शब्बीर अहमद, भोपाल। क्या सिर्फ खर्राटे किसी हंसते-खेलते दांपत्य जीवन में दरार डाल सकते हैं? सुनकर भले ही हैरानी हो, लेकिन राजधानी भोपाल के फैमिली कोर्ट में काउंसलिंग के दौरान एक ऐसा ही अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने सिर्फ इसलिए तलाक (Divorce) का फैसला कर लिया क्योंकि वह अपने पति के तेज खर्राटों की वजह से रात भर सो नहीं पाती थी।
इंसान अच्छे हैं, पर सोने नहीं देते
काउंसलिंग के दौरान पत्नी ने भावुक होते हुए कहा कि उसके पति दिल के बहुत अच्छे इंसान हैं और उनमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन उनके सोने के बाद कमरे में गूंजने वाली तेज आवाजें उसकी रातों की नींद छीन चुकी हैं। नींद पूरी न होने के कारण उसका मानसिक तनाव बढ़ रहा था, जिससे तंग आकर आखिरकार उसने अलग होने का मन बना लिया। हालांकि, कोर्ट के काउंसलर्स और डॉक्टरों की सूझबूझ से इस दंपती को चिकित्सकीय सलाह दी गई, जिसके बाद दोनों ने तलाक का फैसला बदल दिया और साथ रहने को राजी हो गए।
नेता प्रतिपक्ष का सरकार पर हमला: बोले- विज्ञापनों से नहीं, शिक्षकों की भर्ती से बनता है बच्चों का भविष्य
यह ‘स्लीप एपनिया’ बीमारी का है संकेत
इस मामले पर डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने गंभीर चिंता जताई है। डॉक्टरों का कहना है कि तेज खर्राटे लेना कोई सामान्य बात या गहरी नींद की निशानी नहीं है, बल्कि यह स्लीप एपनिया (Sleep Apnea) जैसी गंभीर बीमारी का लक्षण हो सकता है। बदलते लाइफस्टाइल, जंक फूड और बढ़ते मोटापे के कारण पिछले 10 वर्षों में स्लीप एपनिया के मरीजों की संख्या में करीब तीन गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, स्लीप एपनिया के कारण सोते समय शरीर में ऑक्सीजन का लेवल अचानक गिर जाता है, जिससे हार्ट अटैक (Heart Attack) और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
दांपत्य जीवन पर पड़ रहा असर
मनोवैज्ञानिकों और डॉक्टरों का मानना है कि इस बीमारी का असर सिर्फ मरीज की सेहत पर ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और वैवाहिक जीवन पर भी पड़ता है। पार्टनर की नींद खराब होने से आपसी चिड़चिड़ापन और विवाद बढ़ते हैं। डॉक्टरों की सलाह है कि अगर परिवार में कोई बहुत तेज खर्राटे लेता है, तो उसे डांटने या नजरअंदाज करने के बजाय तुरंत स्लीप एक्सपर्ट या डॉक्टर से कंसल्ट कर उसका इलाज शुरू करवाएं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

