गिरिडीह पुलिस और CRPF की कोबरा-209 बटालियन को जॉइन्ट ऑपरेशन में बहुत बड़ी सफलता मिली है. इस जॉइन्ट ऑपरेशन में 25 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर अजय महतो उर्फ मोछू उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया है. उस पर हत्या, आईईडी विस्फोट, सुरक्षाबलों पर हमले और लेवी वसूली समेत 240 से अधिक मामले दर्ज हैं. वह स्पेशल एरिया कमेटी (SAC) का सदस्य था.
संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के 25 लाख रुपये के इनामी स्पेशल एरिया कमेटी (सैक) कमांडर अजय महतो उर्फ मोछु उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया गया है.
अजय महतो झारखंड, बिहार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था. सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला, ग्रामीणों को पुलिस मुखबिर बताकर उनकी हत्या, आईईडी ब्लास्ट कराना, विस्फोटक लूटना, सड़क निर्माण में लगे ठेकेदारों से लेवी वसूलना उसकी आदत में शुमार रहा है.
पुलिस के अनुसार, अजय महतो वर्ष 2005 से माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था। संगठन में उसकी भूमिका लगातार बढ़ती गई और वह लेवी वसूली, हथियारों के नेटवर्क, आईईडी लगाने और कई बड़ी नक्सली वारदातों की साजिश रचने में सक्रिय रहा.
उस पर पुलिस मुखबिरी और लेवी नहीं देने के आरोप में कई ग्रामीणों की गला रेतकर और गोली मारकर हत्या करने के भी आरोप हैं.
एसपी ने बताया कि महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के निर्देश पर चलाये जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 17 जुलाई 2026 को खुखरा थाना क्षेत्र के हरलाडीह ओपी के जंगलों में नक्सलियों की गतिविधियों की सटीक खुफिया सूचना मिली थी.
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और कमांडेंट सौरभ भटनागर के नेतृत्व में जॉइन्ट ऑपरेशन में निर्देश के अनुसार सुरक्षा बलों ने ग्राम पिपराडीह (खवासटांड टोला) के घने जंगलों की घेराबंदी कर दी. अजय महतो को भागने की कोशिश के क्रम में गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार अजय महतो उर्फ मोछु उर्फ अंजन दा उर्फ बुधराम उर्फ श्रीकांत उर्फ बासुदेव, पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह का निवासी है. वह वर्ष 2005 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


